पूजा पाठ के लिए अमिला धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी; एक महिला की मौत, 12 लोग जख्मी

उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में अमिला धाम के पास शुक्रवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कुराकला गांव से अमिल धाम दर्शन पूजा पाठ के लिए 35 से 40 की संख्या में ट्रैक्टर से श्रद्धालु शुक्रवार की सुबह गए थे। बताते हैं कि लौटते समय ट्रैक्टर ज़ब मां अमिला भवानी मंदिर से कुछ आगे पहाड़ी से उतर रहा था, तभी गेयर बदलते समय ढलान पर पलट गया। इसके चलते उसमें सवार लोग गिर गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागे-भागे पहुंचे। राहत कार्य शुरू करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। लगभग आधा घंटा बाद एम्बुलेंस के साथ मौक़े पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार इस हादसे में 63 वर्षीय शैल कुमारी पत्नी प्रेमनारायण सिंह की मौत हो गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Comments
Post a comment