कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च, राज्यपाल से योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध के विरोध में जुलूस निकाला। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पार्टी कार्यालय से निकले। जिन्हें रोकने का पुलिस ने प्रयास भी किया, लेकिन वे नहीं रुके। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शन करते हुए पहुंचे और यहां पर अपर जिलाधिकारी नगर को ज्ञापन सौंपा।
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। सोमवार को यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में वहां से मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे। यहां पर उन्होंने अपर जिला अधिकारी नगर को ज्ञापन सौंपा। राम नगीना साहनी ने कहा कि सरकारी रिकार्ड के अनुसार 2017 में 56 हजार महिलाओं के साथ अपराध हुआ। 2018 में 59 हजार और 2019 में 60 हजार महिलाओं के साथ अपराध हुआ है। आज परिवार के लोग तब तक चिंतित रहते हैं, जब तक बहन-बेटियां घर नहीं पहुंच जाती हैं।
सपा के जिला महासचिव अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और नौजवानों के साथ हो रहे अपराध बढ़ रहे हैं। इस सरकार को जल्द से जल्द बर्खास्त करने की मांग की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Comments
Post a comment