घर में अकेले सो रहे अधेड़ की हत्या; आरोपियों ने सिर पर कई बार धारदार हथियार से किया हमला, चारों तरफ फैला था खून

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक अधेड़ की हत्या का मामला सामने आया है। यहां यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक अधेड़ की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह जब पत्नी नाश्ता लेकर पहुंची तो देखा कि कमरे में चारों तरफ खून फैला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पांडर गांव का मामला
हत्या का यह मामला बारा थाना क्षेत्र के पांडर गांव का है। गांव निवासी विनोद शुक्ला (55 साल) ने गांव में ही एक नए मकान का निर्माण करवाया है। रविवार रात उनके परिवार के सदस्य पुराने मकान में सोए थे। जबकि विनोद शुक्ला नए मकान में अकेले सोने चले गए। सोमवार सुबह विनोद शुक्ला की पत्नी चाय लेकर पति को जगाने के लिए पहुंची तो कमरे का नजारा देख उनके सांस अटक गई। कमरे में खून फैला था और पति विनोद शुक्ला का खून से लथपथ शव पड़ा था। पत्नी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर घर-परिवार व आसपास के लोग दौड़ पड़े।
सिर पर कई बार वार किया गया
इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही बारा थाने की पुलिस के साथ उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घर-परिवार वालों के साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया। छानबीन के दौरान डॉग स्क्वॉयड की मदद ली गई। विनोद शुक्ला की हत्या क्यों की गई? यह अभी पता नहीं चल सका है। विनोद शुक्ला के सिर पर कई बार प्रहार किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Comments
Post a comment