CM योगी ने अटल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया; आज UP के किसानों को मिलेगी 4,260 करोड़ की सौगात, सपा MLA नजरबंद

लंबे समय तक संसद में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का आज जन्मदिवस है। योगी सरकार इसे सुशासन दिवस के रुप में मना रही है। सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UP के 2 करोड़ 13 लाख से अधिक किसान परिवारों को किसान सम्मान निधि की नई किश्त के तहत 4,260 करोड़ की राशि प्रदान करेंगे। PM मोदी की वर्चुअल उपस्थिति वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी मौजूद रहेंगे। वहीं, मोहनलालगंज के सपा विधायक अम्ब्रीश पुष्कर को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।

अब तक 24 हजार करोड़ से ज्यादा का लाभ किसानों को मिला
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक कुल 24 हजार 183 करोड़ की धनराशि मिल चुकी है। शुक्रवार को ऑनलाइन हस्तांतरण के बाद यह राशि 28 हजार 443 करोड़ हो जाएगी। केंद्र सरकार इस योजना के तहत हर पात्र किसान को दो-दो हजार रुपए की तीन बराबर किश्तों में साल भर में 6000 रुपए देती है। यह पैसा ऐसे समय दिया जाता है, जब रबी, खरीफ और जायद की फसलों में कृषि निवेश के लिए किसानों को इसकी बेहद जरूरत होती है। योजना की घोषणा वर्ष 2019 में हुई थी। किसानों के हित की इस बेहद महत्वाकांक्षी योजना पर हर साल केंद्र सरकार को 75,000 करोड़ रुपए खर्च करने होते हैं।

मोहनलालगंज ब्लाॅक में कार्यक्रम, सपा विधायक काले झंडे दिखाने वाले थे
मोहनलालगंज सपा विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया है। सपा का आरोप है कि, बदहाल कानून व्यस्था व किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाने की सपा कार्यकर्ता तैयारी में थे। वहीं, सुजीत पांडे हत्याकांड का खुलासा न होने से नाराज़ सपा कार्यकर्ताओं ने बड़े विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने सपा विधायक समेत दो दर्जन से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Comments
Post a comment